जिलास्तरीय जल-जीवन-हरियाली क्विज में आज 61 छात्र-छात्राएं दिखाएंगे प्रतिभा

लखीसराय व चानन से 10 विद्यार्थियों का चयन, समाहरणालय के खेल भवन में होगा आयोजन

लखीसराय(सरफराज आलम)जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित जल-जीवन-हरियाली मिशन के तहत जिले में प्रखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के तहत लखीसराय एवं चानन प्रखंड से चयनित 10 छात्र-छात्राएं शुक्रवार को आयोजित होने वाली जिलास्तरीय क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

चानन प्रखंड के राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय, मननपुर में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के 52 छात्र-छात्राओं ने ओएमआर शीट के माध्यम से भाग लिया। प्रतियोगिता में उच्च माध्यमिक विद्यालय, घोषीकुंडी की प्रिया कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सरोजिनी कुमारी एवं रिंकू कुमारी संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं। उच्च विद्यालय, मननपुर के अमन कुमार सुमन एवं अंश कुमार ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन प्रभारी प्रधानाध्यापक हिमांशु शेखर एवं नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा की देखरेख में किया गया।

इसी तरह लखीसराय प्रखंड के महिला विद्या मंदिर प्लस टू उच्च विद्यालय में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में 56 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसमें उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिलौरी के अमित राज प्रथम, गढ़ी बिशनपुर की रिशिका कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं। जबकि सूरज कुमार, चरणजीत कुमार एवं सूर्यदेव कुमार संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता की निगरानी नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा द्वारा की गई।

दोनों प्रखंडों से चयनित कुल 10 छात्र-छात्राओं सहित जिले के आठों शैक्षणिक अंचलों से चयनित कुल 61 विद्यार्थी शुक्रवार को लखीसराय समाहरणालय परिसर स्थित खेल भवन में आयोजित जिलास्तरीय जल-जीवन-हरियाली क्विज प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

जिलास्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के नाम पुरस्कार हेतु राज्य मुख्यालय को भेजे जाएंगे। चयनित छात्र-छात्राओं को आगामी 6 जनवरी को पटना में आयोजित जल-जीवन-हरियाली दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.