भूमि विवाद व नामांतरण मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश,लखीसराय में प्रधान सचिव ने की समीक्षा बैठक

लखीसराय(सरफराज आलम)राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सी.के. अनिल की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में विभागीय मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में लंबित भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, नामांतरण, परिमार्जन, भूमि अभिलेखों के अद्यतन सहित अन्य राजस्व मामलों की समीक्षा कर उनके शीघ्र समाधान हेतु ठोस दिशा-निर्देश देना था।बैठक के दौरान प्रधान सचिव सी.के. अनिल (आईएएस) ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भूमि विवाद आम जनता से सीधे जुड़े होते हैं और इनके त्वरित निपटारे से लोगों को बड़ी राहत मिलती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।प्रधान सचिव ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग जय सिंह (आईएएस) ने अंचल अधिकारियों एवं राजस्व कर्मचारियों को क्षेत्र स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने, जन शिकायतों को गंभीरता से लेने तथा विवादों के निपटारे में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि दाखिल-खारिज एवं नामांतरण जैसे मामलों का त्वरित निष्पादन भूमि विवादों की संख्या कम करने में सहायक सिद्ध होगा। इसके लिए सभी संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने और ऑनलाइन प्रक्रियाओं के अधिकतम उपयोग का निर्देश दिया गया। साथ ही आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जिन मामलों में न्यायालय से संबंधित आदेश प्राप्त हो चुके हैं, उनका शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा पुराने एवं जटिल भूमि विवादों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

अंत में डीएम मिथिलेश मिश्र ने सभी पदाधिकारियों से सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए आम नागरिकों को समय पर न्याय और सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपेक्षा व्यक्त की।बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार,भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी सहित सभी अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी,राजस्व कर्मचारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.