डाक पार्सल वाहन से विदेशी शराब की तस्करी का भंडाफोड़, 1612.8 लीटर शराब जब्त
दूसरे राज्य से लाई जा रही थी खेप,दो तस्कर गिरफ्तार
लखीसराय(सरफराज आलम)जिले में दूसरे राज्य से डाक पार्सल वाहन के माध्यम से अवैध रूप से विदेशी शराब की तस्करी किए जाने का मामला सामने आया है। मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार के विशेष अभियान दल को इस संबंध में गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी।
प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान दल ने तेतरहाट थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया और एक चार चक्का डाक पार्सल वाहन को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई लगभग 1612.8 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे मौके पर ही जप्त कर लिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती पूछताछ में यह सामने आया है कि शराब को सुनियोजित तरीके से डाक पार्सल वाहन के माध्यम से जिले में खपाने की योजना बनाई गई थी।
फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
