सोनभद्र: अराजक तत्वों ने रोडवेज बस पर किया पथराव, चालक की सूझबूझ से यात्रियों की जान बची

रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव / रघुराज सिंह

सोनभद्र। बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा जरहा स्थित अंजीर नदी पुल के पास गुरुवार की रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसमें वाराणसी से बीजपुर आ रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस पर अराजक तत्वों ने अचानक पथराव कर दिया। पथराव इतना तेज था कि बस के शीशे चकनाचूर हो गए और कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के दौरान बस चालक आशीष धर दुबे ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को रोके बिना सुरक्षित गति से आगे बढ़ाया और सभी यात्रियों को सकुशल बीजपुर थाने तक पहुँचाया। चालक के इस निर्णय ने किसी बड़ी अनहोनी को टालने में अहम भूमिका निभाई।

बीजपुर थाने में चालक और परिचालक अमरेंद्र ने तहरीर देकर घटना की पूरी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की, लेकिन हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिला। घटना का समाचार तेजी से इलाके में फैल गया और सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रभारी निरीक्षक बीजपुर नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि परिचालक की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.