रांची, दिसंबर 2025।रूस के सबसे बड़े बैंक स्बेरबैंक और जेएससी फर्स्ट एसेट मैनेजमेंट ने मिलकर ‘फर्स्ट–इंडिया’ नामक नया म्यूचुअल फंड लॉन्च किया है। यह फंड भारत के नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के प्रमुख इंडेक्स निफ्टी50 पर आधारित है, जिसमें देश की शीर्ष 50 कंपनियों के शेयर शामिल होते हैं। इस पहल के जरिए रूस के रिटेल निवेशकों को भारतीय शेयर बाज़ार में प्रत्यक्ष निवेश का सुनहरा अवसर मिलेगा।
एनएसई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्बेरबैंक के सीईओ और एग्जीक्यूटिव बोर्ड के चेयरमैन हरमन ग्रेफ ने अपनी भारत यात्रा के दौरान इस फंड को लॉन्च किया।
निफ्टी50 विश्वभर में सबसे अधिक फॉलो किए जाने वाले इक्विटी इंडेक्स में शामिल है, जो भारतीय अर्थव्यवस्था के 15 प्रमुख सेक्टर्स का प्रतिनिधित्व करता है। भारत में निफ्टी50 को ट्रैक करने वाले 45 से अधिक पैसिव फंड कार्यरत हैं, जबकि भारत के बाहर केवल 22 ऐसे फंड उपलब्ध हैं। निफ्टी50 इंडेक्स वर्ष 1996 में शुरू किया गया था और अप्रैल 2026 में यह अपने 30 वर्ष पूरे करेगा।
एनएसई के एमडी और सीईओ अशीष कुमार चौहान ने कहा कि यह निवेश समाधान पूंजी के प्रवाह को मजबूत करने के साथ रूस के निवेशकों के लिए भारत की इक्विटी ग्रोथ का नया मार्ग खोलेगा। उन्होंने इसे भारत के बाज़ारों पर बढ़ते विश्वास और दोनों देशों के बीच वित्तीय साझेदारी को मजबूती देने वाला कदम बताया।
स्बेरबैंक के सीईओ हरमन ग्रेफ ने कहा कि दक्षिण एशिया की ओर कदम बढ़ाते हुए उनके ग्राहकों के लिए नए निवेश विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक रूसी निवेशकों के पास भारतीय परिसंपत्तियों में निवेश के आसान विकल्प नहीं थे, लेकिन इस पहल ने दोनों देशों के बीच एक मजबूत वित्तीय सेतु तैयार कर दिया है।
यह नया म्यूचुअल फंड भारत की तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में विदेशी निवेश को नया प्रोत्साहन देने वाला साबित हो सकता है।
