संजना भारती ब्यूरो चीफ इंतजार हुसैन बदायूँ।युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग बदायूं द्वारा सहसवान विधानसभा में आयोजित दो दिवसीय माननीय विधायक खेल स्पर्धा के दूसरे दिन प्रमोद इंटर कॉलेज, सहसवान परिसर में वालीबॉल, बैडमिंटन एवं भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं का उत्कृष्ट आयोजन किया गया। विजयी खिलाड़ियों को भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री राजीव कुमार गुप्ता द्वारा मैडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
खेल स्पर्धा में वालीबॉल विभाग में बालक वर्ग के जूनियर वर्ग में मदारपुर की टीम विजेता रही, सब जूनियर वर्ग में उघैती की टीम ने बाजी मारी तथा सीनियर वर्ग में रसूलपुर कला की टीम विजेता बनी।
भारोत्तोलन प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में अर्चिता सिंह (64 कि.ग्रा.), कूम कूम (53 कि.ग्रा.) और शेंकी (49 कि.ग्रा.) विजयी रहीं।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में अमृतांश कौशिक ने प्रथम तथा आर्यांश ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
जिलाध्यक्ष श्री राजीव कुमार गुप्ता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है, जो शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन एवं नैतिकता की महत्वपूर्ण सीख भी देता है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है और उज्ज्वल भविष्य की राह खोलता है।
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी श्री विशाल पाल एवं श्री अनुज कुमार सागर ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सहसवान साईं आश्रित शाखमुरी, जिला युवा कल्याण अधिकारी हरि प्रेम, प्रधानाचार्य राम सहाय बिंद, बीजेपी मंडल अध्यक्ष पीयूष माहेश्वरी, अनुज माहेश्वरी सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।
