जन सुनवाई में सामने आए पेंशन प्रकरण पर त्वरित कार्यवाही

रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की जन सुनवाई में एक गंभीर मामला प्रकाश में आया, जिसमें ग्राम पंचायत रहसैना, तहसील मिलक के दो विकलांग/वृद्धजन शमीम पुत्र नवीजान एवं अमीर अहमद पुत्र छिद्दन ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे पैरों से विकलांग होने के कारण विकलांगता/वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त कर रहे थे, परंतु ग्राम पंचायत अधिकारी मोहसिन ने सत्यापन के दौरान उन्हें मृतक दर्शाकर उनकी पेंशन रोक दी, जबकि दोनों वर्तमान में जीवित हैं।

जिलाधिकारी ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल खंड विकास अधिकारी मिलक को जांच के आदेश दिए। जांच में दोनों लाभार्थियों के जीवित होने की पुष्टि होने पर ग्राम पंचायत अधिकारी मोहसिन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मृतक दिखाकर रोकी गई पेंशन की संपूर्ण धनराशि लाभार्थियों को तत्काल उपलब्ध कराई जाए। वहीं, खंड विकास अधिकारी मिलक को शिथिल पर्यवेक्षण के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेंशन जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं उदासीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और बिना किसी बाधा के मिलना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.