जेंडर आधारित हिंसा के विरुद्ध 16 दिवसीय अभियान के तहत लखीसराय में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
लखीसराय (सरफराज आलम)।महिला बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में जेंडर आधारित हिंसा के विरुद्ध चल रहे 16 दिवसीय कार्यक्रम एवं विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जिला परिषद सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति बंदना पांडेय, जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा एवं डीएपीसीयू के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने सभी अतिथियों का पौधा देकर स्वागत किया।
डीएम मिथिलेश मिश्र ने दिया जागरूकता का संदेश
जिलाधिकारी ने एड्स पर जन-जागरूकता पर जोर देते हुए कहा—
“एचआईवी/एड्स का पूर्ण उपचार संभव नहीं, लेकिन जागरूकता और सतर्कता से संक्रमण को रोका जा सकता है। एक ही जीवनसाथी का साथ सुरक्षित जीवन का मूल मंत्र है। कई बार यह संक्रमण ट्रक ड्राइवरों व प्रवासी श्रमिकों में अधिक देखा जाता है।”
उन्होंने लोगों से इस विषय में संकोच छोड़कर खुलकर जानकारी लेने की अपील की। साथ ही आगामी फिल्म फेस्टिवल और यूथ फेस्टिवल की जानकारी भी साझा की।
डीडीसी सुमित कुमार ने छात्रों से की सीधी बातचीत
कार्यक्रम में उपस्थित स्कूली छात्रों से एचआईवी/एड्स से जुड़े सवाल पूछते हुए उन्होंने बताया—
यह संक्रमण जानवर (बंदर) के माध्यम से क्यूबा में शुरू होकर अमेरिका और फिर भारत तक फैला।
एलिसा टेस्ट से एड्स की पुष्टि होती है।
आईसीटीसी, एआरटी और डॉट्स जैसी स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।
योजनाओं की विस्तृत जानकारी
जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद कुमार राय ने कहा—
बिहार शताब्दी एड्स पीड़ित कल्याण योजना के तहत 18 वर्ष से ऊपर एड्स पीड़ित को ₹1500 प्रति माह आजीवन सहायता
परवरिश योजना के तहत पीड़ित बच्चों को 18 वर्ष तक ₹1000 प्रति माह सहायता
अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1097 या NACO App
आईसीटीसी परामर्शी ने एचआईवी और एड्स में अंतर, भ्रांतियों तथा बचाव के उपायों पर विस्तृत चर्चा की।
मिशन शक्ति व महिलाओं के सशक्तिकरण पर बल
जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना की जानकारी दी, वहीं जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने मिशन शक्ति के तहत संचालित योजनाओं के बारे में बताया।
कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी द्वारा बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में शामिल रहे
जिला समन्वयक कन्हैया कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, किस्मत कुमारी, कार्यालय कर्मी नवींद्र दास, गौतम रविदास सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
धन्यवाद ज्ञापन नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति बंदना पांडेय ने किया।
कार्यशाला का मुख्य संदेश —
“बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ…
जागरूक रहो, एड्स से बचाव करो।”
