- रिपोर्ट शाहबाज़ खान रामपुर
रामपुर। पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी तीन दिवसीय दौरे पर रामपुर पहुंच गए हैं। नकवी वर्ष 1997 से रामपुर के राजनीतिक और सामाजिक ताने-बाने से जुड़े रहे हैं और दो बार यहां से सांसद भी रह चुके हैं। वर्ष 2003 में उन्होंने रामपुर में मतदाता के रूप में अपना नाम शामिल कराया था और हर चुनाव में यहां मतदान करने अवश्य पहुंचते रहे हैं।
आज बीएलओ उनके शंकरपुर स्थित आवास पहुंचे और एसआईआर (विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण) का फॉर्म उपलब्ध कराया, जिसे नक़वी ने तुरंत भरकर बीएलओ को सौंप दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा चलाया जा रहा मतदाता शुद्धिकरण अभियान पूरी तरह पारदर्शी है। इसमें केवल वही लोग चिंतित हों जिनके पास भारतीय नागरिकता नहीं है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि आयोग द्वारा मांगे गए दस्तावेज़ उपलब्ध कराकर अपने नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करें।
बैठक में दिए निर्देश
शंकरपुर स्थित आवास पर पदाधिकारियों की बैठक के दौरान नकवी ने एसआईआर प्रक्रिया की समीक्षा कर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि रामपुर में मतदाता शुद्धिकरण अभियान सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है और जनता का भी सकारात्मक सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बीएलओ को हर संभव सहायता प्रदान करें ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे।
भव्य स्वागत
रामपुर आगमन पर कोसी पुल पर कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं और पटका पहनाकर पूर्व केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा कि वे लोकतांत्रिक अधिकार का सम्मान करते हैं और कल सुबह 11 बजे भी वे मतदाता शुद्धिकरण संबंधी औपचारिकताओं को बीएलओ के माध्यम से पूरा करेंगे।
