रामपुर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता फ़ैसल खान लाला के नेतृत्व में एएपी डेलिगेशन ने मंगलवार को ज़िलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी से मुलाकात कर एसआईआर कार्य में हो रही अनियमितताओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान पार्टी प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के विपरीत बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम C यानी डाउटफुल श्रेणी में डाले जा रहे हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि आयोग द्वारा SIR फ़ॉर्म के लिए स्पष्ट रूप से तीन श्रेणियाँ निर्धारित हैं—
A श्रेणी: जिनका नाम 2003 की मूल मतदाता सूची में दर्ज है।
B श्रेणी: जिनका नाम सूची में नहीं, लेकिन माता-पिता का नाम 2003 में मौजूद है।
C श्रेणी (डाउटफुल): जिनका और उनके माता-पिता का नाम 2003 सूची में नहीं है।
AAP नेताओं का आरोप है कि इन स्पष्ट मानकों के बावजूद रामपुर में कई बीएलओ बिना किसी सत्यापन के सभी नामों को सीधे C श्रेणी में डाल रहे हैं। इससे वैध मतदाताओं के अधिकारों का हनन हो रहा है और एसआईआर प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फ़ैसल लाला ने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे नागरिक भी ‘डाउटफुल’ घोषित कर दिए गए हैं जो वास्तव में A या B श्रेणी में आते हैं, जिसके चलते जनता अनावश्यक परेशानियों का सामना कर रही है।
AAP की प्रमुख माँगें:
दोषी BLOs व पर्यवेक्षकों के कार्य की तत्काल जाँच
सही श्रेणी निर्धारण कर मतदाताओं के नाम पुनः अपलोड करना
भविष्य में गड़बड़ियों को रोकने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करना
इस अवसर पर एएपी सभासद मोहम्मद ज़फ़र, यासीन उर्फ गुड्डू, सरफ़राज उर्फ गुड्डू, आरिफ सिकंदर उर्फ राजू, समीना बी, फ़ायज़ा बी, शिराज़ जमील खां, रय्यान खां, आलमगीर, अलमास, अब्दुल समद, माजिद ख़ां, सफी ख़ां, महेश सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एएपी प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि ज़िला प्रशासन जल्द प्रभावी कार्रवाई कर एसआईआर प्रक्रिया को सुचारू व निष्पक्ष बनाएगा।
