मिर्जापुर: रात में खनन के दौरान बड़ा हादसा, खदान में दबकर मुंशी की मौत — शव लेकर भागने की कोशिश विफल
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्जापुर-सोनभद्र के बाद अब मिर्जापुर में खनन हादसों की कड़ी जारी है। अहरौरा थाना क्षेत्र के कंचनपुर खनन इलाके में देर रात अवैध रूप से चल रहे खनन के दौरान खदान के मुंशी की दबकर दर्दनाक मौत हो गई। उल्लेखनीय है कि रात में खनन कार्य पूरी तरह प्रतिबंधित है, लेकिन नियमों को धत्ता बताते हुए खनन बेखौफ जारी रहा।
शव छुपाने की कोशिश, ग्रामीणों ने पकड़ा
घटना के बाद खदान मालिक के गुर्गे शव को मौके से हटाकर भागने लगे, लेकिन सतर्क ग्रामीणों ने पीछा कर उन्हें शव सहित पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
खदान मैनेजर को बनाया बंधक
क्रोधित ग्रामीणों ने खदान मैनेजर को पकड़कर बंधक बना लिया और पुलिस व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन सोनभद्र की हालिया घटना से कोई सबक नहीं ले रहा, इसलिए हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।
पट्टा धारक का नाम सामने
खदान पट्टा छत्रबली सिंह के भाई श्यामजी सिंह के नाम पर है। ग्रामीणों का कहना है कि खदान में सुरक्षा के मानकों की खुलेआम अनदेखी हो रही है और अवैध खनन का खेल रात में धड़ल्ले से जारी रहता है।
अधिकारी मौके पर पहुंचे
सूचना पर पुलिस और खनन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति नियंत्रित करने में जुटे। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं ग्रामीणों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते प्रशासन सख्त कदम नहीं उठाएगा तो ऐसे हादसे बार-बार होते रहेंगे।
