राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रामपुर।जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर चलाए जा रहे राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत आज राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला सलाहकार डॉ. शहजाद हसन खान द्वारा छात्राओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें निबंध प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं पोस्टर प्रतियोगिता शामिल रहीं, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में प्राचार्या डॉ. सुनीता एवं नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार द्वारा प्रतियोगिताओं में विजेता छात्राओं को पुरस्कार एवं सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। इसी के साथ प्राचार्या डॉ. सुनीता ने सभी छात्राओं और शिक्षकों को तंबाकू मुक्त रहने की शपथ दिलाई तथा महाविद्यालय को तंबाकू मुक्त घोषित करते हुए आधिकारिक घोषणा पत्र भी सौंपा।
इस अवसर पर एनएसएस अधिकारी डॉ. प्रीति, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकित, तथा महाविद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
