मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा, नैनीताल रोड स्थित कूड़ा डलाव घर हटाने की मांग तेज

रामपुर। हम एकता मंच की टीम ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक महत्वपूर्ण ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। राष्ट्रीय अध्यक्ष शादाब शफ़ीक़ ख़ां तथा राष्ट्रीय महासचिव मास्टर फ़िरोज़ ख़ान के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए नैनीताल रोड, बिलासपुर गेट पर स्थित कूड़ा डलाव घर को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग उठाई।

युवा जिलाध्यक्ष मोहम्मद रेहान एडवोकेट द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि यह कूड़ा डलाव घर घनी आबादी के बीच नैनीताल हाईवे पर स्थित है, जिससे बिलासपुर गेट, चपटा, कालोनी, बमनपुरी, पंखेवालान सहित अनेक क्षेत्रों के लोगों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
कूड़े में समय-समय पर लगने वाली आग से उठने वाला जहरीला धुआं वातावरण को अत्यधिक प्रदूषित कर देता है जिससे आसपास रहने वालों में गंभीर स्वास्थ्य जोखिम बढ़ रहा है।

साथ ही नैनीताल मार्ग से गुजरने वाले देशी-विदेशी पर्यटक भी इस बदबूदार और धुएँ से प्रभावित होते हैं, जो जिले की छवि को नुकसान पहुँचाता है।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें :

नैनीताल हाईवे, बिलासपुर गेट के पास स्थित कूड़ा डलाव (पझाव) को हटाकर नगर क्षेत्र से दूर ग्राम कल्याणपुर पट्टी में शिफ्ट किया जाए।

कूड़ा डलाव की जगह को जनहित में सार्वजनिक पार्क, रोजगार हेतु दुकानों के निर्माण या अन्य उपयुक्त उपयोग में लाया जाए।

हम एकता मंच ने मुख्यमंत्री से जनहित में इस मुद्दे पर तत्काल संज्ञान लेकर समाधान सुनिश्चित करने की अपील की है।

ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वालों में शामिल—

शादाब शफ़ीक़ ख़ां, मास्टर फ़िरोज़ ख़ान, नादिर ख़ां बबलू, मोहम्मद रेहान एडवोकेट, मोहम्मद नाज़िम, शैज़ी ख़ां एडवोकेट, चांद ख़ां एडवोकेट, अय्यूब मियां एडवोकेट, मोहम्मद राशिद एडवोकेट, सुमेर ख़ां एडवोकेट, तौसीफ अहमद, ज़मीर अहमद, नाज़िम सिद्दीकी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.