कवि नगर थाने में फिल्म अभिनेता उत्तर कुमार, यूट्यूबर व अभिनेत्री सोनम सेन के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
गाजियाबाद। फिल्म अभिनेता उत्तर कुमार एक बार फिर कानूनी शिकंजे में फंस गए हैं। कवि नगर थाना पुलिस ने उनके खिलाफ BNS की धारा 352, BNS धारा 351(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम 2008 की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इनके साथ उक्त मामले में यूट्यूबर व अभिनेत्री सोनम सेन को भी नामजद किया गया है।
यह रिपोर्ट बागपत निवासी महिला अधिवक्ता शिवानी तोमर की ओर से दर्ज कराई गई है।
शिकायत में अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि उत्तर कुमार के इशारे पर सोनम सेन पिछले कई महीनों से उन्हें लगातार धमकियां दे रही हैं, उनकी सोशल मीडिया पोस्ट्स पर अशोभनीय व अपमानजनक टिप्पणियाँ कर रही हैं और यहां तक कि उनकी 6 वर्षीय बेटी के लिए भी अभद्र बातें बोल चुकी है।
यही नहीं सोनम सेन भव्य गौतम के लिए भी कई बार अपशब्द बोल चुकी है उनकी जाति पर भी भद्दे कमेंट करती रही है उसका दावा यही है कि वह किसी से भी नहीं डरती। भव्य गौतम ने भी सोनम सेन की शिकायत की थी परंतु कोई कार्रवाई पुलिस ने नहीं की इसके बाद उसने भव्या की अधिवक्ता को भी टारगेट बना लिया था।
शिवानी तोमर ने पुलिस को बताया कि सोनम सेन स्वयं को उत्तर कुमार का “सबसे करीबी” बताते हुए यह भी कहती रही है कि वह अभिनेता के परिवार, विशेषकर उनके बेटे तक को जानती है। उत्तर कुमार की गिरफ्तारी से पूर्व भी सोशल मीडिया में अपने कई इंटरव्यू में वह दावा कर चुकी थी कि उत्तर कुमार उन्हें मैसेज करके कई बार धन्यवाद बोल चुके हैं के वह बहुत ठीक कर रही है।
शिकायत के अनुसार सोनम सेन द्वारा बार-बार कहा जाता था कि वह अधिवक्ता शिवानी तोमर को “भव्य गौतम के केस से हटवाएगी”, और इसी दबाव के चलते उन्हें लगातार ट्रोलिंग, धमकियों और सोशल मीडिया उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि अधिवक्ता शिवानी तोमर, दलित अभिनेत्री भव्य गौतम के उस मामले की भी वकील हैं जिसमें भव्य गौतम ने अभिनेता उत्तर कुमार पर दुष्कर्म (धारा 376), धमकी (धारा 506) और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। उस प्रकरण में उत्तर कुमार को जेल भी जाना पड़ा था और वर्तमान में वह जमानत पर बाहर हैं। मामले की सुनवाई न्यायालय में जारी है।
शिवानी तोमर द्वारा प्रस्तुत सोशल मीडिया चैट्स, स्क्रीनशॉट्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कवि नगर थाना पुलिस ने यह नया मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि—
क्या गाजियाबाद पुलिस इस मामले में उत्तर कुमार की गिरफ्तारी करती है,
या फिर पहले की तरह यह मामला भी किसी दबाव में ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
फिलहाल, मामले की गंभीरता और लगाई गई धाराओं को देखते हुए फिल्म अभिनेता उत्तर कुमार के लिए यह नया मुकदमा बड़ी मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
