अयोध्या में श्रीराम लला मंदिर के शिखर पर 25 नवंबर को होगा ध्वजारोहण, सोनभद्र के दिवाकर त्रिपाठी रहेंगे शामिल
♦️श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रारम्भिक काल से जुड़े सोनभद्र के दिवाकर त्रिपाठी होंगे शामिल
- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। अयोध्या धाम स्थित श्रीराम लला के जन्मस्थान पर निर्मित नव्य-भव्य मंदिर के शिखर पर 25 नवंबर 2025 को ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा। मंदिर के 190 फीट ऊँचे शिखर पर ध्वज को विधि-विधान के साथ भूमि स्तर से ऊपर चढ़ाया जाएगा। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रारम्भिक काल से जुड़े सोनभद्र जिले के घोरावल क्षेत्र के कोहरथा गांव में जन्मे दिवाकर त्रिपाठी भी इस ऐतिहासिक अवसर पर अयोध्या में उपस्थित रहेंगे। श्री त्रिपाठी 1989 के प्रयागराज महाकुंभ की धर्म संसद, श्रीराम शिलापूजन, 1990 की कारसेवा, श्रीराम ज्योति पूजन, चरण पादुका पूजन, 1991 के दिल्ली वोट क्लब की धर्मसभा और 6 दिसंबर 1992 की कारसेवा सहित आंदोलन के सभी प्रमुख चरणों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वे विश्व हिंदू परिषद के विभिन्न दायित्वों के साथ काशी प्रांत के निधि समर्पण अभियान के प्रमुख तथा 22 जनवरी 2024 के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के केन्द्रीय भंडार प्रमुख भी रहे हैं। उन्होंने बताया कि ध्वजारोहण समारोह में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित होंगे। इसके अलावा मंदिरों के पुजारी, वनवासी और गिरिवासी समाज के प्रतिनिधि, संत-महात्मा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। आयोजन को देखते हुए 24 नवंबर की रात के बाद से मंदिर में आम दर्शनों को बंद कर दिया जाएगा। 25 नवंबर को श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। अयोध्या नगर में विकास प्राधिकरण और न्यास द्वारा विभिन्न स्थानों पर बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं, जिन पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। सभी प्रमुख टीवी चैनलों पर यह आयोजन लाइव दिखाया जाएगा और दूरदर्शन @ddnational इसे राष्ट्रीय प्रसारण देगा। को लेकर देश और विदेश के रामभक्तों में उत्साह और गौरव की भावना है। श्री दिवाकर त्रिपाठी ने सभी हिंदू समाज से अपने गांवों के मंदिरों में पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की है।
