रामपुर पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा महिला आरक्षियों हेतु यातायात, साइबर सुरक्षा, मिशन शक्ति-5.0 व “तीन नवीन कानून” पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रामपुर।रिज़र्व पुलिस लाइन, रामपुर में पुलिस अधीक्षक तथा अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशिक्षणाधीन महिला आरक्षियों के लिए यातायात माह, साइबर सुरक्षा, मिशन शक्ति-5.0 एवं “तीन नवीन कानून” विषयक विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला प्रशिक्षुओं को सड़क सुरक्षा, डिजिटल सुरक्षा, महिला सुरक्षा तथा नए कानूनों की विस्तृत जानकारी प्रदान कर उन्हें और अधिक सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, साइबर फ्रॉड से बचाव और डिजिटल सतर्कता पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीकी क्षमता और व्यवहारिक जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने टू-स्टेप वेरिफिकेशन के महत्व, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जिम्मेदार इस्तेमाल तथा सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए सतर्कता और गोपनीयता बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है।
क्षेत्राधिकारी शाहबाद ने साइबर स्लेवरी, साइबर सुरक्षा और बढ़ते साइबर अपराधों के नए तरीकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने पर जोर दिया।
क्षेत्राधिकारी मिलक ने सड़क सुरक्षा के 4E मॉडल—Engineering, Education, Enforcement, Emergency Care—का विस्तृत वर्णन करते हुए सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उपाय, क्रिटिकल थाना–क्रिटिकल कॉरिडोर, स्लीप रोड की अवधारणा तथा प्रमुख सड़क सुरक्षा स्लोगन प्रस्तुत किए।
उन्होंने सड़क संकेतकों की उपयोगिता और उनके अनुपालन को भी विस्तार से समझाया।
टीएसआई रामपुर ने यातायात नियमों एवं सड़क विनियमों को सरल व व्यवहारिक तरीके से समझाया, जिससे प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों को नियमों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली।
कार्यक्रम में महिला प्रशिक्षुओं ने कविता, लेखन और भाषण के माध्यम से सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए, जिससे कार्यक्रम और अधिक प्रभावी और प्रेरणादायी बन गया।
अंत में, “तीन नवीन कानून” जागरूकता अभियान में सक्रिय प्रतिभाग करने वाली प्रशिक्षुओं को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
