“नगर पालिका प्रशासन नियम-कायदों को नहीं मानता, फितरतन वायदा खिलाफ़ी इनका चलन” — शैलेन्द्र शर्मा

रामपुर।उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं रामपुर जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा ने समाधान दिवस के अवसर पर अधिकारियों से वार्ता के बाद व्यापार मंडल की कोर टीम को संबोधित करते हुए नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन न तो नियम-कायदों का पालन करता है और न ही अपने वादों पर कायम रहता है।
शर्मा ने बताया कि नगर पालिका ने पूर्व में आश्वासन दिया था कि प्रत्येक वार्ड में व्यापार मंडल को शामिल कर चौपाल आयोजित की जाएगी, जिसमें गृहकर व जलकर से संबंधित नोटिसों का समाधान कराया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया था कि समाधान होने तक नोटिसों की मियाद बढ़ी हुई मानी जाएगी।
लेकिन पालिका प्रशासन ने इस आश्वासन की अनदेखी करते हुए एक बार फिर से लाखों रुपए के नोटिस भेजने शुरू कर दिए, जिससे व्यापारी व आमजन में भारी नाराजगी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन मनमाने ढंग से बढ़ाए गए गृहकर और जलकर को धमका कर वसूलने की मंशा रखता है, जबकि व्यापारियों की आपत्तियां अभी भी विभिन्न स्तरों पर लंबित हैं।
शर्मा ने कहा कि बिना किसी ठोस आधार और नियम-कायदे के, करों में की गई यह बढ़ोतरी पूरी तरह से अनुचित है और व्यापार मंडल इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।
उन्होंने कहा—
“नगर पालिका प्रशासन न तो सुनने को तैयार है और न समझने को। वह जनता का खुला शोषण कर रहा है। इतने गंभीर मुद्दे पर भी उनकी चुप्पी और मनमानी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
व्यापार मंडल का कहना है कि उन्होंने कई बार ज्ञापन देकर पालिका प्रशासन से विस्तृत वार्ता की मांग की, लेकिन प्रशासन ने आश्वासन देने के बावजूद बातचीत से पीछे हटने का काम किया है।
शर्मा ने स्पष्ट कहा कि गलत तरीके से भेजे गए इन नोटिसों के चलते जनता में भय और आक्रोश का माहौल है, जिसे व्यापार मंडल किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं करेगा।
व्यापार मंडल ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है और उनकी ओर मिले आश्वासन पर भरोसा करते हुए कुछ दिनों तक सकारात्मक परिणाम की प्रतीक्षा की जाएगी।
शर्मा ने संकेत दिया कि यदि पालिका प्रशासन की यही उदासीनता बनी रही, तो व्यापार मंडल जल्द ही आगामी आंदोलनात्मक रणनीति की घोषणा करेगा।
इस अवसर पर शाहिद शमसी, शोएब मोहम्मद, हारिस शमसी, खान जगन्नाथ चावला, हरीश अरोड़ा, प्रदीप खंडेलवाल, अवतार सिंह, शकेब अहमद, इमरान सलीम, राम गुप्ता, अनिल अरोड़ा, मुकेश आर्य, बिलाल शम्सी, वाजिद खान, उजैर शम्सी, चंद्र प्रकाश रस्तोगी, मोहसिन खान, मोनिस जमाल, तौसीफ खान, दानिश शम्सी, गुलशन अरोड़ा, अजय अग्रवाल, मुराद खान सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.