- रिपोर्ट: शिवेंदु शुभम
सोनभद्र। जनपद के बभनी थाना क्षेत्र के जोबेदह गांव में गुरुवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। यहां एक मां ने अपने दस माह के मासूम बेटे को जलते चूल्हे में डालकर उसकी जान ले ली, और फिर खुद साड़ी के फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। इस घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय राजपति, पत्नी पतिराज, निवासी ढेंगरपानी, थाना बसंतपुर (छत्तीसगढ़), बुधवार को अपने ससुराल से मायके जोबेदह गांव आई थी। रात में भोजन करने के बाद वह अपने दस माह के बेटे के साथ कमरे में सोने चली गई, जबकि उसका बड़ा बेटा अपने मामा के साथ दूसरे कमरे में सो गया था।
रात के सन्नाटे में राजपति ने पहले अपने मासूम बेटे को जलते चूल्हे में डाल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद महिला ने बरामदे में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह जब परिजन जागे और कमरे में पहुंचे, तो सामने का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। महिला का शव फंदे से लटक रहा था और चूल्हे में बच्चे के जले हुए अवशेष पड़े थे। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक मख्खन लाल ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ जारी है। प्राथमिक जांच में महिला के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
