रामपुर। जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए की अब तक लंबित फार्म 6, फॉर्म 7 और फॉर्म 8 का निस्तारण यथाशीघ्र हो जाना चाहिए। उन्होंने सभी निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से कहा कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के सत्यापन किए जाने हेतु मृतक मतदाताओं की पंजीकृत सूची सीआरएस पोर्टल से प्राप्त कर मृतक मतदाताओं की पहचान की जा सकती है, इसके अतिरिक्त जिन मतदाताओं की आयु 70 वर्ष से अधिक है उनका बीएलओ के माध्यम से घर-घर जाकर सत्यापन कराया जाए तथा अगर उनकी मृत्यु हो चुकी है । उनकी आयु मतदाता पहचान पत्र में गलत है तो जांच कर नियमानुसार संशोधन कराया जाए।
लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के दृष्टिगत ईवीएम और वीवीपैट से संबंधित जागरूकता एवं प्रचार प्रसार हेतु जिला मुख्यालय तथा प्रत्येक तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन केंद्रों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम 10 जनवरी 2024 से प्रारंभ होंगे। प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए निर्धारित ईवीएम और वीवी पैट की लिस्ट राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएगी। ईवीएम के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए मोबाइल वैन भी लगाई गई हैं। प्रत्येक मोबाइल वैन टीम प्रतिदिन प्रात: 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक कम से कम 4 से 5 मतदान केंद्रों पर जाकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी।
मैं शाहबाज़ खान पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं और वर्तमान में खबरें जंक्शन चैनल में रामपुर ब्यूरो के रूप में कार्यरत हूं। पत्रकारिता के प्रति मेरी प्रतिबद्धता, निष्पक्षता और निर्भीक कार्यशैली ने मुझे इस क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाई है।
मेरी प्रारंभिक शिक्षा सुगरा चिल्ड्रन एकेडमी (इंग्लिश मीडियम) में नर्सरी से कक्षा 5 तक हुई। इसके बाद कक्षा 6 से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा सुंदर लाल इंटर कॉलेज, रामपुर से प्राप्त की। वर्ष 2014 में हाईस्कूल तथा 2016 में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया। इसके उपरांत मैंने भौतिक विज्ञान (Physics), रसायन विज्ञान (Chemistry) एवं जीव विज्ञान (Biology) विषयों के साथ स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
मैं वर्ष 2013 से पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हूं। अपने करियर के दौरान समाचार प्लस, समाचार टुडे, इंडिया वॉइस जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनलों तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख प्रिंट मीडिया संस्थान में भी कार्य कर चुका हूं। मुझे राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, अपराध, विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है।
मैं हर प्रकार की खबर को तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष और जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत करता हूं। मेरी कोशिश हमेशा जनता की आवाज़ को प्रशासन और शासन तक पहुंचाने की रही है। इसी कार्यशैली के कारण मेरे संस्थान ने हमेशा मुझ पर विश्वास जताया है।
वर्ष 2013 से अब तक हुए सभी लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों की ग्राउंड कवरेज के दौरान उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए मुझे जिला प्रशासन द्वारा कई प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए हैं। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के कारण मुझे कई बार कानूनी चुनौतियों और मुकदमों का भी सामना करना पड़ा, लेकिन मैंने हमेशा निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन किया।
वर्तमान में वर्ष 2024 से ग्रामीण आंचलिक पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा हूं। पत्रकारिता के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी मेरी सक्रिय भागीदारी रही है। पिछले 13 वर्षों में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) द्वारा मुझे उत्कृष्ट कार्यों के लिए अनेक सम्मान-पत्र, ट्रॉफी, मोमेंटो, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए हैं।
मेरा उद्देश्य सदैव निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज़ को बुलंद करना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा को बनाए रखना है।
