लखनऊ: यूपी एटीएस को बड़ी सफलता, धार्मिक पुस्तकों के नाम पर विदेशी फंडिंग करने वाला फरहान नबी सिद्दीकी गिरफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश एटीएस (UP ATS) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एटीएस ने नोएडा से फरहान नबी सिद्दीकी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो धार्मिक पुस्तकों की छपाई के नाम पर विदेशी फंडिंग प्राप्त कर रहा था और विदेशी नागरिकों को अवैध रूप से ठहराने के साथ-साथ उन्मादी सामग्री का प्रकाशन कर रहा था।
एटीएस सूत्रों के अनुसार, फरहान नबी सिद्दीकी धार्मिक और सामाजिक समूहों के बीच वैमनस्यता फैलाने के उद्देश्य से किताबों का प्रकाशन करता था। वह तुर्की और जर्मनी से आए लोगों को भी गैरकानूनी रूप से ठहराने की व्यवस्था करता था, साथ ही बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत आए लोगों को शरण देता था।
जांच में सामने आया है कि फरहान नबी ने विदेश से हवाला और अन्य माध्यमों से लगभग 11 करोड़ रुपये प्राप्त किए, जिनका उपयोग उसने उत्तर प्रदेश के अमरोहा और पंजाब में मदरसा, मस्जिदों और कंपनियों के नाम पर जमीन खरीदने में किया।
एटीएस अधिकारियों ने बताया कि फरहान नबी की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। उसके खिलाफ विदेशी फंडिंग, देश विरोधी गतिविधियों और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के आरोपों की जांच की जा रही है।
फिलहाल यूपी एटीएस फरहान नबी सिद्दीकी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके नेटवर्क और विदेशी फंडिंग से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जा सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.