प्रधानमंत्री मोदी ने चलाईं चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें, बोले– ‘भारत तेज़ी से इंफ्रास्ट्रक्चर क्रांति की राह पर’

वाराणसी।; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी रेलवे स्टेशन से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। नई ट्रेनों में बनारस–खजुराहो, लखनऊ–सहारनपुर, फिरोजपुर–दिल्ली और एर्नाकुलम–बेंगलुरु रूट की वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने से देश के विभिन्न हिस्सों में कनेक्टिविटी और तेज़, आधुनिक यात्रा अनुभव को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “जिन देशों ने तेज़ी से विकास किया है, उनके पीछे मज़बूत इंफ्रास्ट्रक्चर सबसे बड़ी ताकत रहा है। भारत भी अब उसी दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।” उन्होंने कहा कि अब तक देश में 160 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं, जो भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में मील का पत्थर हैं।
बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा। यह ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ेगी। नई ट्रेन से यात्रियों को लगभग 2 घंटे 40 मिनट की समय बचत होगी और यात्रा अधिक आरामदायक और सुरक्षित होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें भारतीय रेलवे की नई पीढ़ी की पहचान बन रही हैं। यह सिर्फ ट्रेनों का संचालन नहीं, बल्कि भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर को ट्रांसफॉर्म करने का अभियान है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि सरकार का उद्देश्य बनारस को सुविधाओं, संस्कृति और आधुनिकीकरण का संगम बनाना है—“हमारा प्रयास है कि बनारस आने वाला हर व्यक्ति यहां की सुविधाओं और अनुभवों को महसूस करे और यही नए भारत का परिचय बने।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.