राष्ट्रीय खेल हॉकी के सौ सफल वर्ष पूरे होने पर खिलाड़ियों ने केक काटकर मनाया जश्न

रामपुर। राष्ट्रीय खेल हॉकी के सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शहीद-ए-आज़म स्पोर्ट्स स्टेडियम, रामपुर में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने मिलकर जश्न मनाया। इस मौके पर एन.आई.एस. खेल प्रशिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष फरहत अली खान और हॉकी प्रशिक्षक खिलाड़ियों के बीच पहुंचे और सौ वर्षों की इस गौरवशाली यात्रा का केक काटकर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मौजूद सभी बालक और बालिका खिलाड़ियों ने मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी और हॉकी के स्वर्णिम इतिहास को याद किया। इस अवसर पर फरहत अली खान ने कहा कि भारतीय हॉकी के ओलंपिक कीर्तिमान को आज तक कोई देश छू नहीं सका है। भारत ने ओलंपिक में 8 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हॉकी को केवल खेल नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाए, ताकि युवाओं में नया जोश और जज़्बा भरा जा सके।
उन्होंने कहा कि हॉकी को सिर्फ सरकार या प्रशासन के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। इसके विकास के लिए वरिष्ठ खिलाड़ियों के विशेष योगदान और जिम्मेदारी की आवश्यकता है। इसी क्रम में उन्होंने घोषणा की कि नवंबर और दिसंबर माह में हॉकी से संबंधित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, भाषण, पेंटिंग, सेमिनार और छोटी-छोटी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही उपलब्धि प्राप्त युवा खिलाड़ियों और वरिष्ठ खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
फरहत अली खान ने सभी प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों से राष्ट्रीय खेल हॉकी के प्रति समर्पण और निष्ठा की शपथ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि हम सब मिलकर जिम्मेदारी निभाएं तो निश्चित ही “खेलेंगे और जीतेंगे भारत” का सपना साकार होगा।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी संतोष कुमार, खेलो इंडिया कोच मोहम्मद फहीम, रोशनी, मशीयत फातिमा, कशिश, नविता, माही, परी, आंचल, शीतल, गुंजन, हुदा खान, समीर खान, आदित्य, साजन, दक्ष सहित कई खिलाड़ी और प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.