सांस्कृतिक उत्सव में दिखाई देगी हरियाणवी संस्कृति की झलक
- स्थानीय पंचायत भवन में एक नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा हरियाणा दिवस
ऐलनाबाद,सिरसा, 30 अक्टूबर(एम पी भार्गव): हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में एक नवंबर को स्थानीय पंचायत भवन में प्रात: 10 बजे जिला स्तरीय कार्यक्रम ‘सांस्कृतिक उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में हरियाणा समृद्ध संस्कृति पर आधारित भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा पेंटिंग, मूर्तिकला, गायन, नृत्य व नाटक विधाओं में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार से सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत की अध्यक्षता में वीरवार को बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम के आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने सीईओ जिला परिषद डा. सुभाष चंद्र को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता व अन्य तैयारियों को लेकर विभागों की ड्यूटियां लगाई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा दिवस हमारे लिए बड़े गौरव का दिन है, इसलिए जो भी जिम्मेदारियां दी गई है, उन्हें पूरी निष्ठा से पूरा करें। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कोई कसर न छोड़ी जाए। शामिल होने वाले प्रतिभागियों व आमजन के लिए भी प्रोपर व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन पंचकूला में किया जाएगा, जिसका यहां पर लाइव टेलीकास्ट भी दिखाया जाएगा। इस मौके पर जिला परिषद के सीईओ डा. सुभाष चंद्र, डीएसपी आदर्शदीप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं, डा. साकेत कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
