लखीसराय में शत-प्रतिशत मतदान के लिए दियारा में नुक्कड़ नाटक
डीएम और डीडीसी के निर्देश पर शुरू हुआ अभियान,कैंडल जलाकर दिलाई गई मतदाता शपथ
- रिपोर्ट- सरफराज आलम
लखीसराय/बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में आज पिपरिया प्रखंड के पिपरिया दियारा पंचायत में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इसका मुख्य लक्ष्य कम मतदान वाले क्षेत्रों में लोगों को वोट के प्रति प्रेरित करना है।
डीएम और डीडीसी के निर्देश पर शुरू हुआ अभियान
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र और वरीय पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त सुमित कुमार के दिशा-निर्देश में यह मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप कार्यक्रम) शुरू किया गया है। ‘सवेरा जन उत्थान सामाजिक संस्थान’ की नुक्कड़ नाटक टीम ने पिपरिया दियारा गांव से इसकी शुरुआत की। कलाकारों ने गीत गाकर और जीवंत नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के महत्व के बारे में बताया।
कैंडल जलाकर दिलाई गई मतदाता शपथ
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे, जिन्हें कलाकारों ने निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को कैंडल जलाकर मतदाता शपथ भी दिलाई गई।
4 टीमें कम मतदान वाले बूथों पर चलाएंगी विशेष अभियान
स्वीप कोषांग की नोडल पदाधिकारी सह जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमति बंदना पांडेय ने बताया कि मतदाता जागरूकता के लिए कुल चार टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों द्वारा विशेष रूप से कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों और बहिष्कार की आशंका वाले गांवों में सघन अभियान चलाया जा रहा है।
