‘ऑपरेशन सिंदूर’ से बौखलाया पाकिस्तान, फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने दी परमाणु हमले की गीदड़-भभकी, भारत के खिलाफ फिर उगला जहर

नई दिल्ली। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान एक बार फिर अपनी बौखलाहट छिपाने के लिए झूठ और धमकियों का सहारा ले रहा है। पाकिस्तानी सेना और उसके नेता अपने ही देशवासियों को जीत का झूठा चूरन खिला रहे हैं। इसी क्रम में पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने एक बार फिर भारत के खिलाफ परमाणु बम की खोखली धमकी दी है।

एबटाबाद स्थित पाकिस्तानी मिलिट्री अकादमी कलुल में आयोजित एक कार्यक्रम में आसिम मुनीर ने कहा कि “भारत की किसी भी उकसावे की कार्रवाई का पाकिस्तान उम्मीद से परे और घातक जवाब देगा।” उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में भारत के खिलाफ भड़के मुनीर
वायरल वीडियो में आसिम मुनीर भारत के खिलाफ जहर उगलते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि “पाकिस्तान भारत की भौगोलिक विशालता के भ्रम को तोड़ देगा।” इसके साथ ही उन्होंने भारतीय सेना की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत को अपनी “भड़काऊ बयानबाजी” बंद करनी चाहिए और विवादों का समाधान संयुक्त राष्ट्र प्रस्तावों के जरिए तलाशना चाहिए।

पाकिस्तान की निराशा का नतीजा बताते हैं विश्लेषक
राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान इस तरह के बयानों के जरिए अपनी घरेलू असफलताओं से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था चरमरा चुकी है, विदेशी कर्ज बढ़ गया है और राजनीतिक अस्थिरता ने हालात बिगाड़ रखे हैं। ऐसे में भारत-विरोधी बयानबाजी पाकिस्तानी नेतृत्व का पुराना और आजमाया हुआ तरीका बन चुका है।

पहले भी दी थी ऐसी धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब आसिम मुनीर ने ऐसी गीदड़-भभकी दी हो। अगस्त 2025 में अमेरिका के टैम्पा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी उन्होंने कहा था कि अगर पाकिस्तान पर अस्तित्व का संकट आया, तो वह “आधी दुनिया को साथ लेकर डूबेगा।” इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी धमकी दी थी कि अगर भारत सिंधु नदी पर बांध बनाएगा, तो पाकिस्तान “10 मिसाइलें” दाग देगा।

विश्लेषकों का मानना है कि पाकिस्तान के ये बयान केवल उसकी हताशा और आंतरिक विफलता को दर्शाते हैं। भारत की बढ़ती सैन्य क्षमता और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उसकी मजबूत स्थिति ने पाकिस्तान की बेचैनी को और बढ़ा दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.