प्रति यूनिट बिजली का हिसाब देगा स्मार्ट मीटर, अब तक 30 हजार उपभोक्ताओं के लग चुके हैं स्मार्ट मीटर
बकाया बिल पर नहीं कटेगी बिजली, बैलेंस खत्म होने पर मिलेगा तीन दिन का ग्रेस पीरियड
बदायूं। बदायूं जिले में बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब उपभोक्ताओं को बिजली की हर यूनिट का सटीक हिसाब स्मार्ट मीटर देगा। जिले में अब तक लगभग 30 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। वर्ष 2027 तक सभी उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए इंटेली स्मार्ट संस्था द्वारा पूरे जिले में मुफ्त स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।
प्रभारी अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर कुछ उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति है, जबकि यह पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी प्रणाली है। स्मार्ट मीटर उपभोक्ता को एक-एक यूनिट की खपत, लोड डिमांड, बैलेंस स्थिति, और दिनभर की बिजली उपयोग जानकारी प्रदान करता है। उपभोक्ता ये सभी जानकारियां यूपीपीसीएल स्मार्ट एप डाउनलोड कर आसानी से देख सकते हैं।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट प्रीपेड उपभोक्ता का बिल बकाया होने पर भी उसकी बिजली शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे तक नहीं काटी जाएगी। यदि बैलेंस समाप्त हो जाता है और अगले दिन सार्वजनिक अवकाश है, तो भी बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होगी। उपभोक्ता को तीन दिन का ग्रेस पीरियड भी दिया जाएगा।
बैलेंस कम होने पर मिलेंगे चार अलर्ट मैसेज
स्मार्ट मीटर उपभोक्ता को बैलेंस कम होने पर चार चरणों में मैसेज प्राप्त होंगे—
कुल राशि का 30% बचने पर पहला मैसेज
20% बचने पर दूसरा मैसेज
10% शेष रहने पर तीसरा मैसेज
और बैलेंस शून्य होने पर अंतिम अलर्ट मैसेज भेजा जाएगा।
स्मार्ट प्रीपेड मीटर से ऐसे देखें बिल और बैलेंस
उपभोक्ता को प्ले स्टोर से यूपीपीसीएल स्मार्ट एप डाउनलोड करना होगा।
एप में लॉगिन/रजिस्ट्रेशन कर पंजीकृत मोबाइल नंबर डालें।
ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद पासवर्ड जनरेट करें।
इसके बाद उपभोक्ता अपनी बिजली की खपत, शेष धनराशि, रीडिंग, और 12 ट्रांजेक्शन तक का हिसाब देख सकते हैं।
भविष्य की दिशा में कदम
अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर न केवल पारदर्शिता लाएंगे, बल्कि ऊर्जा की बचत, तकनीकी सुधार और उपभोक्ता संतुष्टि में भी बड़ा योगदान देंगे।
