दीपावली से पहले घोरावल प्रशासन सतर्क, पटाखा दुकानों और मिठाई की दुकानों पर कड़ी निगरानी

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र। घोरावल तहसील प्रशासन ने आगामी दीपावली त्योहार को देखते हुए सुरक्षा एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए दो प्रमुख बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया है। इन बिंदुओं में पहला है — पटाखा दुकानों का संचालन, और दूसरा — खाद्य सामग्रियों, विशेषकर मिठाइयों में मिलावट की रोकथाम।
उपजिलाधिकारी आशीष त्रिपाठी ने बताया कि पटाखा दुकानों की स्थापना केवल खुले मैदानों में की जाएगी। किसी भी घनी आबादी वाले क्षेत्र में दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रत्येक दुकान के बीच कम से कम 3 मीटर की दूरी रखी जाएगी और दुकानें घनी आबादी से 50 मीटर दूर लगाई जाएंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आने-जाने के लिए पर्याप्त मार्ग होना चाहिए, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में तुरंत निकासी की जा सके। प्रत्येक दुकान में रेत और पानी की बाल्टी भरी हुई रखी जाएगी तथा किसी भी ज्वलनशील पदार्थ को दुकान में रखने की सख्त मनाही होगी। दुकानों को आमने-सामने नहीं लगाया जाएगा और एक स्थान पर अधिकतम 50 दुकानें ही लगाई जाएंगी। दुकान लगाने से पहले स्थानों का संयुक्त स्थल निरीक्षण कर उन्हें चिन्हित किया जाएगा। उपजिलाधिकारी ने यह भी चेतावनी दी कि बिना अनुमति के पटाखा दुकान लगाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
दीपावली के अवसर पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन ने दुकानदारों द्वारा मिलावटी एवं सिंथेटिक पदार्थों के प्रयोग पर सख्ती दिखाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में संबंधित दुकानों की सघन चेकिंग कराई जाएगी और यदि कहीं गड़बड़ी पाई जाती है तो सैंपल भरवाकर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि सभी दुकानदार शासनादेशों में वर्णित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही कार्य करें, ताकि दीपावली का त्योहार शांति, सुरक्षा और जनहित के साथ प्रसन्नतापूर्वक मनाया जा सके।
घोरावल तहसील प्रशासन ने इसके लिए विशेष निरीक्षण टीमें गठित की हैं, जो गोपनीय रूप से औचक निरीक्षण करेंगी और आवश्यक सूचनाएं भी एकत्रित करेंगी। प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि दीपावली का पर्व बिना किसी अप्रिय घटना के सम्पन्न हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.