रामपुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान के घर बेचने की इच्छा जताने की खबर के बाद अब फरहत अली खान ने सामने आकर कहा है कि अगर आज़म खान सचमुच अपना घर बेचना चाहते हैं, तो वे उसे खरीदने को तैयार हैं।
फरहत अली खान ने मीडिया से बातचीत में कहा, “अगर उनका इरादा पक्का है और वे घर बेचने के इच्छुक हैं, तो उन्हें उसकी क़ीमत बतानी होगी कि उनकी मांग क्या है। मैं एक लाख रुपये का बयाना चेक के माध्यम से देकर, छह महीने के अंदर सौदे के बाद बाकी रकम अदा कर दूंगा। लेकिन रजिस्ट्री होने के बाद घर तुरंत खाली करना होगा।”
सौदे की शर्तें भी रखीं
फरहत अली खान ने सौदे को लेकर दो विकल्प स्पष्ट किए —
विकल्प 1: बयाने से पहले आज़म खान अपना इरादा बदल सकते हैं।
विकल्प 2: बयाने के बाद अगर उन्होंने इरादा बदला, तो बयाने की रकम का दस गुना लौटाना होगा।
सरकार को दान करेंगे मकान
फरहत अली खान ने कहा कि वे यह घर खरीदकर इसे सरकारी ओरिएंटल कॉलेज को दान कर देंगे। उन्होंने बताया कि दशकों पहले यह कॉलेज विश्वविद्यालय के समकक्ष माना जाता था और यहां की डिग्री को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त थी।
उन्होंने कहा, “यहीं से देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद और मौलाना मुहम्मद अली जौहर जैसी अज़ीम शख्सियतों ने शिक्षा प्राप्त की थी। इसकी नायाब और आलीशान इमारत आज भी मौजूद है, लेकिन वर्तमान में यह विद्यालय केवल रज़ा इंटर कॉलेज के एक कमरे में संचालित हो रहा है।”
फरहत अली खान ने कहा कि उनका उद्देश्य इस ऐतिहासिक संस्था को पुनर्जीवित करना और शिक्षा को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि अगर यह सौदा पूरा होता है, तो वे इसे सरकार को दान कर देंगे ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए यह एक प्रेरणा स्थल बन सके
