रामपुर में व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन, हाउस टैक्स और वॉटर टैक्स बढ़ोतरी पर जताया विरोध

रामपुर: उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारी और व्यापारी सोमवार को तिलक नगर कॉलोनी कार्यालय से एकत्र होकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन अपर जिलाधिकारी जंग बहादुर यादव को सौंपा।

इस अवसर पर संगठन के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश अग्रवाल ने कहा कि “जनपद रामपुर में कारोबार पूरी तरह ठप हो चुका है। यहां की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है, कोई उद्योग या लघु उद्योग शेष नहीं बचा है।” उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद रामपुर द्वारा 50% हाउस टैक्स और वॉटर टैक्स बढ़ाने की तैयारी गरीब जनता और व्यापारी समाज के साथ अन्याय है। इसे जनहित में तत्काल रोका जाना चाहिए।

नीतीश अग्रवाल ने कहा कि यह फैसला रामपुर की जनता को तबाह-बर्बाद करने की साजिश जैसा है। गरीबों और छोटे कारोबारियों पर इतना अत्याचार कर उन्हें मजबूर किया जा रहा है कि वे दर-दर की ठोकरें खाने को विवश हो जाएं।

उन्होंने आगे कहा कि ठेला चालकों, पटरी दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को उजाड़ दिया गया, जबकि यह वादा किया गया था कि उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि गलियारा में दुकानें दी जाएंगी, लेकिन आज तक यह वादा पूरा नहीं हुआ। नगर पालिका के अधिकारियों का रवैया लगातार तानाशाहीपूर्ण बना हुआ है, जिससे यहां के 90% उद्योग बंद हो चुके हैं।

व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि हाउस टैक्स और वॉटर टैक्स में 50% बढ़ोतरी को तुरंत रोकने के आदेश जारी किए जाएं, ताकि गरीब और व्यापारी समाज को राहत मिल सके।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष महफूज हुसैन, प्रदेश प्रचार मंत्री आसिफ उल्ला खान, अलीम खान, गोपाल शर्मा, शराफत खान, बाबू खान, नवाब यूसुफ अली, फहद खान, शाहिद मामू, इरफान खान, मोहम्मद रफीक साहब खान, मिलन सक्सेना, नूर खान, शाहिद अली सहित सैकड़ों पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.