योगी सरकार 3 से 11 अक्टूबर तक मनाएगी अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह, मिशन शक्ति 5.0 से सशक्तिकरण का संदेश 

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मिशन शक्ति 5.0 के तहत 3 से 11 अक्टूबर तक *अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह* मनाएगी। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। यह सप्ताह 11 अक्टूबर को *अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस* के उपलक्ष्य में सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित होगा।

मिशन शक्ति 5.0 का विस्तार 
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से चल रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक 13,04,784 से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई जा चुकी है। सरकार का कहना है कि यह अभियान नारी शक्ति को नई दिशा और बल प्रदान कर रहा है।

3 अक्टूबर से शुरू होंगे कार्यक्रम 
अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह का शुभारंभ 3 अक्टूबर को *‘ड्राइविंग माय ड्रीम्स’* कार्यक्रम से होगा। इसके तहत प्रत्येक जिले में कम से कम 100 बालिकाओं और महिलाओं को ड्राइविंग प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह एक माह का कोर्स ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने और नए अवसर देने का लक्ष्य रखता है।

आत्मरक्षा और जागरूकता पर जोर 
4 अक्टूबर को *‘पर्सनल सेफ्टी अवेयरनेस’* सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बालिकाओं को आत्मरक्षा और आपात स्थिति में सुरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। वहीं, 6 अक्टूबर को बाल देखरेख संस्थानों में *‘सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप’* आयोजित होगी, जिससे बालिकाओं को व्यावहारिक कौशल और आत्मविश्वास मिलेगा।

सरकार का लक्ष्य 
योगी सरकार का कहना है कि इन आयोजनों के माध्यम से न केवल बालिकाओं की सुरक्षा और शिक्षा पर जोर दिया जाएगा, बल्कि उन्हें समाज में सम्मान और स्वावलंबन की ओर भी प्रेरित किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.