हरियाणा के फरीदाबाद में रह रहीं छह बार की वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर एमसी मैरी कॉम के घर में चोरी की वारदात सामने आई है। चोरी की घटना तीन दिन पुरानी बताई जा रही है, जब मैरी कॉम और उनका परिवार घर पर मौजूद नहीं था। चोरी की सूचना पड़ोसियों ने मैरी कॉम को दी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। मैरी कॉम फरीदाबाद के सेक्टर-46 में रहती हैं और पिछले कुछ दिनों से अपने परिवार के साथ मेघालय गई हुई हैं।
ओलिंपिक पदक विजेता और छह बार की वर्ल्ड चैंपियन एमसी मैरीकाॅम के सेक्टर-46 स्थित मकान में चोरी का मामला सामने आया। मैरीकाॅम मैराथन कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए मेघालय गई हुई हैं। तीन दिन पहले हुई चोरी की इस घटना की जानकारी पड़ोसियों को उस समय लगी, जब उन्हाेंने सीसीटीवी फुटेज को चेक किया।
पड़ोसियों ने मामले की जानकारी मैरीकाॅम एवं सूरजकुंड थाना पुलिस को दी। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि छह लोग मैरीकाॅम के घर के भीतर घुस रहे हैं। इसके बाद वह घर का सामान चोरी करते हुए निकल रहे हैं। पड़ोसियों के अनुसार, मैरीकाॅम पिछले तीन साल से यहां पर रह रही हैं। चोरी की जानकारी मिलने की जांच करने के लिए सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी प्रहलाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घर से क्या क्या सामान चोरी हुआ है। इसको लेकर मैरीकाॅम ही बता सकती हैं। उनसे बातचीत की जा रही है। मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
