विन्ध्याचल ब्रेकिंग: मोतिया तालाब में डूब रहे श्रद्धालु की पुलिस ने बचाई जान, आरक्षी अंकित यादव की बहादुरी से टली बड़ी घटना

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

मीरजापुर। शारदीय नवरात्र मेले के दौरान विन्ध्याचल में एक बड़ा हादसा टल गया। थाना विन्ध्याचल क्षेत्रान्तर्गत स्थित मोतिया तालाब में स्नान करते समय एक श्रद्धालु गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए उसकी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 26 सितंबर 2025 को जनपद उन्नाव से आए शशि कुमार (35 वर्ष), पुत्र रामबालक, निवासी गोपाल खेड़ा थाना कुरवां अपने साथियों के साथ तालाब में स्नान कर रहे थे। इस दौरान वे बैरिकेटिंग पार कर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

सूचना मिलते ही जोनल पुलिस अधिकारी दिनेश कुमार यादव के नेतृत्व में तैनात आरक्षी अंकित यादव (39वीं बटालियन पीएसी मीरजापुर) ने बिना देर किए तालाब में छलांग लगाई और बहादुरी दिखाते हुए शशि कुमार को सकुशल बाहर निकाल लिया।

मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और उन्नाव से आए लोगों ने मीरजापुर पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते की गई यह कार्रवाई न होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में नवरात्र मेले के दौरान माँ विन्ध्यवासिनी धाम, माँ काली खोह, माँ अष्टभुजा मंदिर, गंगा घाट और अन्य प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस व पीएसी बल तैनात किया गया है, जिससे मेले को सकुशल सम्पन्न कराया जा सके।

मीरजापुर पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि वह हर समय “आपकी सेवा और सुरक्षा में तत्पर” है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.