लखीसराय के आदिवासी गाँवों के प्रतिनिधियों संग डीएम मिथिलेश मिश्र ने की बैठक

डीएम ने,आदिवासी समाज को शिक्षा,संस्कृति और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी हरसंभव सहयोग देने का दिया आश्वासन

  • रिपोर्ट: सरफ़राज़ आलम  

लखीसराय: ज़िला के कानीमोह, कछुआ, लाठिया, बाँसकुंड, श्रीकिशुन, घोड़सारन, महजनमा, सतघरबा, बुद्धम, जमुनियाँ, बुधौली वनकर, रामतरीगंज, जगुआज़ोर, सितला टोला, काशी टोला व पंचभूर स्थान के आदिवासी ग्रामीणों ने ज़िलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में ज़िला स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित बैठक में भाग लिया।

बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि आदिवासी समाज में खेल-कूद के प्रति गहरी भावना है। युवक-युवतियों की तीन से पाँच फुटबॉल टीमें हैं,परंतु सही मार्गदर्शन के अभाव में वे सामान्य प्रतिस्पर्धा से वंचित रह जाते हैं। योजनाओं की जानकारी न होने से भी लाभ नहीं मिल पा रहा है।

ज़िलाधिकारी श्री मिश्र ने कहा कि जो भी पढ़े लिखे युवा हैं, एक वट्सएप समूह बना लें उसमें मुझे भी जोड़ लें, ताकि मैं स्वयं योजनाओं की सूचना व मार्गदर्शन समय दे सकूँ। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही आदिवासी प्रतिभाओं के बीच फुटबॉल मैच आयोजित होगा। ज़िलाधिकारी ने शिक्षा, संस्कृति और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी हरसंभव सहयोग देने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि भूमिहीन लोगों के लिए बासगीत पर्चा तथा जिनके पास राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड नहीं है, उनका कार्ड ज़रूर बनाया जाए। इस संबंध में अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए।

समाजसेवी प्रमोद शर्मा ने रामतरीगंज, लाठिया और कछुआ गाँवों के विद्यालयों को उत्क्रमित करने की मांग रखी। ज़िला के आदिवासी समाज में एकमात्र स्नातक पप्पू कोड़ा ने बेरोज़गारी की समस्या उठाई, जिस पर ज़िलाधिकारी ने स्वरोज़गार योजनाओं व सरकारी नौकरियों के अवसरों की जानकारी देने का भरोसा दिलाया।

बैठक में वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार, खेल पदाधिकारी रवि कुमार, संस्कृतिकर्मी रविराज पटेल, शिक्षक अनिल कोड़ा, नंदकिशोर कोड़ा, सार्जन कोड़ा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.