युवाओं में अनुशासन और देशभक्ति को बढ़ावा देते हैं स्काउट गाइड शिविर

राजकीय इंटर कॉलेज मनकरा में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन पर प्रतियोगिताओं का आयोजन

रामपुर। राजकीय इंटर कॉलेज मनकरा में चल रहे तीन दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शिविर के समापन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए और स्काउट गाइडस को पुरुस्कृत किया गया।
राजकीय इंटर कॉलेज धमोरा के प्रधानाचार्य संजय सिंह ने तंबू बनाने की प्रतियोगिता और रंगारंग कार्यक्रम को सराहा। इसमें उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त करने पर मैडम क्यूरी टोली, द्वितीय स्थान पर रानी लक्ष्मीबाई टोली और तीसरा स्थान हासिल करने वाली महाराणा प्रताप टोली को पुरस्कार प्रदान किए। नोट बुक प्रतियोगिता में निखिल, दिव्या, गौसिया और विनय ने अच्छा प्रदर्शन किया। दिनेश को बेस्ट स्काउट और शीतल को बेस्ट गाइड चुना गया।
राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के जिला उपाध्यक्ष काशिफ खां ने कहा कि स्काउट गाइड शिविर से युवाओं में सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण, अनुशासन, आत्मनिर्भरता, देशभक्ति, और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना पैदा होती है।
जिला प्रशिक्षण आयुक्त प्रेमपाल सिंह ने कहा कि तीन दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा, आपदा प्रबंधन, झंडा गीत प्रार्थना, तंबू बनाना, प्राथमिक सहायता और बाहरी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण से विद्यार्थी एक अच्छे नागरिक के रूप में तैयार होते हैं।
कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज मनकरा के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार, सलीम अल्वी, विपिन सिंह, विजयपाल, आशा देवी, इंदल सिंह, अनूप कुमार, राहुल तिवारी, मुस्कान, करनदीप, अजय कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.