सोनभद्र: हाईस्कूल भवन निर्माण को लेकर दो पक्षों में खींचतान
•कमरीडांड के लिए स्वीकृत विद्यालय का निर्माण बराईडॉड में शुरू, ग्रामीणों ने जताया विरोध
- रिपोर्ट- शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र (म्योरपुर)। जनपद के म्योरपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत पंडरी के बराईडॉड में हाई स्कूल भवन का निर्माण शुरू होते ही कमरी डांड के ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र सौंपकर विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि शासन से भवन निर्माण की स्वीकृति कमरी डांड के कंपोजिट विद्यालय परिसर में दी गई थी, लेकिन निर्माण कार्य बराईडॉड में शुरू कर दिया गया है। इसे मनमानी बताते हुए उन्होंने कार्रवाई की मांग की। वहीं बराईडॉड के ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय गांव के बीचो-बीच बन रहा है, जिससे सभी छात्रों को सुविधा होगी। उन्होंने तर्क दिया कि कमरी डांड उत्तरी छोर पर है, जहाँ से खनता समेत अन्य इलाकों के छात्रों को सात किलोमीटर दूर जाना पड़ता, जो छात्र-छात्राओं के लिए मुश्किल होता।ज्ञापन देने वालों में इंजीनियर कमलेश यादव, श्याम नारायण, शिव नारायण, अनंत यादव, गुलाब शर्मा, राम सकल समेत अन्य ग्रामीण शामिल रहे। उनका कहना है कि शासन से जिस जगह विद्यालय स्वीकृत है, निर्माण वहीं होना चाहिए। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह ने बताया कि विद्यालय गांव के बीच में बनाया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक छात्रों को लाभ मिलेगा। यदि भवन कमरी डांड में बनता तो वह एकांत में पड़ जाता। ऐसे में विरोध करने वाले लोगों को छात्रों के हित में सोचना चाहिए।
