प्रसव पीड़ा में सड़क पर बच्चे को जन्म, स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटकता रहा

बीजपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही, जांच के आदेश

  • रिपोर्ट- शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र (बीजपुर)। वृहस्पतिवार की रात स्वास्थ्य विभाग की संवेदनहीनता तब सामने आई जब प्रसव पीड़ा से तड़प रही मंजू देवी पत्नी सुजीत कुमार को परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बीजपुर लेकर पहुंचे। लेकिन वहां ताला लटकता देख सभी स्तब्ध रह गए। घंटों इंतजार और कई बार फोन करने के बावजूद न तो डॉक्टर पहुंचे और न ही कोई स्वास्थ्यकर्मी। मजबूरी में परिजनों को सड़क किनारे ही प्रसूता को उतारना पड़ा। असहनीय पीड़ा में तड़पती महिला ने खुले आसमान के नीचे सड़क पर ही शिशु को जन्म दिया। बच्चे के जन्म के कुछ देर बाद एनम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में स्वास्थ्य केंद्र का गेट खोलकर महिला को भर्ती किया। आरोप है कि इस दौरान एनम ने परिजनों से पैसे की भी मांग की। सुजीत कुमार ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उनके पास मात्र दो सौ रुपये थे, वही एनम को दिए। इस घटना ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत उजागर कर दी है। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर लापरवाही और उदासीनता की तस्वीर कुछ और ही है।
परिजनों ने दोषी स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी सोनभद्र अश्वनी कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.