महिला शिक्षिकाओं संग दुर्व्यवहार पर भड़का गुस्सा, 27 अगस्त को बीएसए कार्यालय का घेराव करेंगे शिक्षक संगठन

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

सोनभद्र, 26 अगस्त। महिला शिक्षिकाओं के साथ बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) और संविदाकर्मी डीसी द्वारा हुए दुर्व्यवहार को लेकर शिक्षकों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद न केवल सोनभद्र जिले में बल्कि पूरे प्रदेश के शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है।

इसी मुद्दे पर होटल यूडी में उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष कौसर जहां सिद्दीकी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के सभी शैक्षिक संगठनों के जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में इस घटना की निंदा करते हुए बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 27 अगस्त को अपराह्न 2:30 बजे सभी शिक्षक संगठन सामूहिक रूप से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय का घेराव करेंगे और ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराएंगे।

शिक्षक संगठनों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि शिक्षिकाओं के साथ हुए इस दुर्व्यवहार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

इस दौरान बैठक में महिला शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष कौसर जहां सिद्दीकी, प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष योगेश पांडेय, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिलाध्यक्ष अशोक कुमार त्रिपाठी, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष रविभूषण सिंह, अटेवा जिलाध्यक्ष राज मौर्य, आदर्श शिक्षामित्र जिलाध्यक्ष वकील अहमद, परि. अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन जिलाध्यक्ष रविन्द्र बहादुर सिंह, अध्यक्ष पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ जनार्दन त्रिपाठी, महिला शिक्षक संघ महामंत्री कुंजलता, अटेवा महामंत्री सूर्यप्रकाश, मंडलीय मंत्री रामगोपाल यादव, प्रदेश महिला प्रभारी रंजना सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ महामंत्री हुकुम चंद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अब सबकी निगाहें 27 अगस्त को प्रस्तावित बीएसए कार्यालय के घेराव पर टिकी हैं, जहां जिले भर के शिक्षक एकजुट होकर अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.