- रिपोर्ट: अशोक शर्मा महान
अलवर, 23 अगस्त: अलवर शहर में राजस्थान परिवहन निगम के मत्स्य नगर और अलवर आगार नाम से दो डिपो संचालित हैं। दोनों डिपो से बसों का संचालन तो होता है, लेकिन यात्री सुविधाओं के नाम पर स्थिति बेहद लचर है।
दोनों बस स्टैंड पर कहीं भी नियम अनुसार मार्गवार किराया सूची प्रदर्शित नहीं की गई है। यात्रियों को यह तक पता नहीं चलता कि बस किस गंतव्य के लिए जा रही है और कितना किराया देना होगा। अलवर आगार बस स्टैंड पर केवल दो-तीन कागजों पर कुछ स्थानों के नाम लिखकर लटका दिए गए हैं, जो खानापूर्ति मात्र हैं और यात्रियों को कोई वास्तविक सुविधा नहीं दे पा रहे।
मत्स्य नगर आगार के स्टैंड पर तो निर्धारित जगहों पर कोई भी सूचना अंकित नहीं है। इसके अलावा, स्मार्ट कार्ड बनाने की सुविधा भी अलवर आगार से हटाकर मत्स्य नगर आगार में कर दी गई है, लेकिन यहां कार्ड बनाने की सूचना, समय, फीस, आवश्यक दस्तावेज आदि की जानकारी देने वाला कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है। इससे वरिष्ठ नागरिकों सहित स्मार्ट कार्ड बनवाने वाले लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निगम प्रशासन को इस पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए। वर्तमान समय में लोक परिवहन से प्रतिस्पर्धा के दौर में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना आवश्यक है, ताकि लोग रोडवेज बसों में यात्रा करने के लिए आकर्षित हों।
