रामपुर, मिलक। तहसील मिलक के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिलाई बड़ा गांव में बुधवार को पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद के बीच दामाद ने ससुराल पक्ष पर फायरिंग कर दी।
फायरिंग में दामाद ने अपने ससुर को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी में कई लोग घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपित को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है। गांव में तनाव का माहौल देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह घटना पंचायत में आई आपसी रंजिश और पति-पत्नी के विवाद को शांत कराने के प्रयास के दौरान हुई, जो अंततः खूनी संघर्ष में बदल गई।
