सिविल लाइन क्षेत्र में नगर पालिका की कार्रवाई, अवैध दुकानों पर चला बुलडोज़र

रामपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के पनवड़िया रोड पर नगर पालिका की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनी दुकानों को आज जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। लंबे समय से पनवड़िया क्षेत्र में 20 से अधिक दुकानों और एक मकान पर लोगों ने कब्जा कर कारोबार शुरू कर दिया था।

नगर पालिका प्रशासन ने पहले ही कब्जाधारकों को नोटिस जारी कर दुकाने खाली करने का आदेश दिया था। कार्रवाई से पहले दुकानदारों ने अपना सामान सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद नगर पालिका की टीम और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से अवैध निर्माण ध्वस्त कर सरकारी संपत्ति को कब्जा मुक्त कराया गया।

रामपुर पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी जोगेंद्र सिंह की निगरानी में की जा रही है। उन्होंने कहा कि “जिन लोगों ने सरकारी संपत्ति पर कब्जा कर रखा है वे स्वयं ही कब्जा छोड़ दें, अन्यथा प्रशासन कड़ी कार्रवाई करते हुए कब्जा मुक्त कराएगा और जुर्माना भी लगाया जाएगा।”

इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.