लखनऊ, 20 अगस्त: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से लखनऊ के सूचना मुख्यालय सभागार में 21 और 22 अगस्त को दो दिवसीय आयुष्मान कार्ड शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर का संचालन स्टेट हेल्थ एजेंसी (सांची) द्वारा किया जाएगा।
इस शिविर में मान्यता प्राप्त पत्रकार और उनके आश्रित आयुष्मान भारत – मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान (MMJAA) योजना का लाभ उठा सकेंगे। हालांकि, शिविर में केवल वही पत्रकार और उनके परिवारजन पात्र होंगे जिनका डेटा पहले से बीआईएस (BIS) डेटाबेस में दर्ज है। नए परिवार या सदस्य जोड़ने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
मौजूदा आयुष्मान कार्ड धारकों को इस शिविर में अपने कार्ड को अद्यतन (अपडेट) कराने का अवसर मिलेगा। जिनका नाम, जन्म वर्ष या लिंग आधार कार्ड से मेल नहीं खा रहा है, उन्हें शिविर में ई-केवाईसी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
अपर निदेशक सूचना अरविंद कुमार मिश्र ने सभी मान्यता प्राप्त पत्रकारों से अपील की है कि वे इस शिविर में अवश्य पहुंचे और योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
यह आयोजन प्रदेश सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसके तहत पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
