Bilaspur: गरबे के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, होटल संचालक ने कथित पत्रकारों के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

  • रिपोर्ट- राजेश नायक

बिलासपुर। पुराने बस स्टैंड स्थित हेवेंस पार्क होटल एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस बार होटल संचालक आकाश जीवनानी ने दो कथित पत्रकारों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी है।

जीवनानी का कहना है कि गरबा आयोजन के नाम पर दोनों पत्रकारों — अमित संतवानी और अनुज श्रीवास्तव — ने उनसे तीन लाख रुपये नकद की अवैध वसूली की मांग की। आरोप है कि रकम न देने पर होटल और उनके नाम से जुड़ी नकारात्मक खबरें मीडिया और सोशल पोर्टल्स पर चलाने की धमकी दी गई।

आवेदन के अनुसार, 8 अगस्त 2025 को दोनों आरोपी होटल पहुंचे और “सहयोग” देने के बहाने सीधे तीन लाख रुपये की मांग कर बैठे। जीवनानी द्वारा इनकार करने पर 17 अगस्त 2025 को एक पोर्टल पर होटल और उनके नाम से जुड़ी झूठी एवं भ्रामक खबरें प्रकाशित कर दी गईं, जिससे होटल की साख को नुकसान पहुंचा और संचालक को मानसिक व आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।

शिकायत में अनुज श्रीवास्तव पर यह भी आरोप लगाया गया है कि वह जुआ फड़ संचालकों से भी सुरक्षा के नाम पर अवैध वसूली करता है और पत्रकारिता की आड़ में पुलिस अधिकारियों तक पहुंच बनाकर दबाव डालता है। वहीं अमित संतवानी पर भी पूर्व में कोयला व्यापारी से वसूली की कोशिश के आरोप लगे थे।

आकाश जीवनानी ने पुलिस अधीक्षक से तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अब देखना यह होगा कि पत्रकारिता की आड़ में चल रहे इस कथित वसूली नेटवर्क पर कितनी सख्त कार्रवाई होती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.