उपराष्ट्रपति पद के लिए राधाकृष्णन के सर्वसम्मति से चुनाव की पीएम मोदी ने की अपील

नई दिल्ली। (19 अगस्त) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सी. पी. राधाकृष्णन के सर्वसम्मति से चुनाव की अपील की। उन्होंने कहा कि राधाकृष्णन का जीवन सार्वजनिक सेवा और सादगी का प्रतीक है, और सभी दलों, विशेषकर विपक्ष, को उनके नाम का समर्थन करना चाहिए।

संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी समेत भाजपा और सहयोगी दलों के शीर्ष नेताओं ने राधाकृष्णन का अभिनंदन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के राज्यपाल और तमिलनाडु से आने वाले इस वरिष्ठ भाजपा नेता का परिचय एनडीए सांसदों से कराया और उनके लंबे राजनीतिक जीवन में निभाई गई विभिन्न भूमिकाओं का उल्लेख किया।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक के बाद बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी दलों से भी अपील की है कि राधाकृष्णन को सर्वसम्मति से उपराष्ट्रपति चुना जाए।

67 वर्षीय राधाकृष्णन ने हमेशा सादगीपूर्ण जीवन जिया है और किसी भी प्रकार के विवाद या दाग से दूर रहे हैं। रिजिजू ने कहा कि उनका उपराष्ट्रपति चुना जाना पूरे देश के लिए गर्व का विषय होगा।

राधाकृष्णन बुधवार को नामांकन दाखिल करेंगे। हालांकि एनडीए के पास लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों वाले निर्वाचन मंडल में बहुमत है और उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है, लेकिन विपक्षी इंडिया गठबंधन ने संकेत दिए हैं कि वह भी अपना प्रत्याशी उतारकर मुकाबला करेगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.