अपर पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन रामपुर में मंगलवार परेड का निरीक्षण, पुलिस अधीक्षक ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
रामपुर। आज दिनांक 19 अगस्त 2025 को अपर पुलिस अधीक्षक, रामपुर अतुल कुमार श्रीवास्तव ने रिजर्व पुलिस लाइन में मंगलवार की परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान महिला प्रशिक्षुओं एवं पुलिस कर्मियों का टर्नआउट चेक किया गया। साथ ही पुलिस लाइन परिसर में स्थित भोजनालय, रीडिंग रूम (लाइब्रेरी), कैंटीन, मनोरंजन कक्ष, जिम, आरटीसी कार्यालय, कैश कार्यालय, परिवहन शाखा आदि की व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। परिसर की साफ-सफाई और चल रहे मरम्मत कार्य का भी जायजा लिया गया। गार्द रजिस्टर की जांच कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की, जहां फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान प्रशिक्षणाधीन पुलिस उपाधीक्षक भी मौजूद रहे।
उधर, पुलिस अधीक्षक रामपुर विद्यासागर मिश्रा ने भी पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर शिकायतें सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण हेतु निर्देश दिए।
इसके अलावा, पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा व अपर पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव ने थाना कोतवाली क्षेत्र में निकलने वाली श्रीकृष्ण जन्मोत्सव भव्य रथयात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।
साथ ही पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन में महिला प्रशिक्षुओं की गणना पर भी उपस्थित रहकर उन्हें मुख्यालय से आए आदेशों की जानकारी दी। महिला प्रशिक्षुओं को प्रतिदिन कराए जाने वाले इनडोर और आउटडोर प्रशिक्षण से संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी शाहबाद हर्षिता सिंह भी मौजूद रहीं।
