चीनी विदेश मंत्री वांग यी भारत दौरे पर, NSA अजित डोभाल संग सीमा वार्ता करेंगे

नई दिल्ली। चीनी विदेश मंत्री वांग यी सोमवार से भारत के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल के साथ सीमा मसले पर विशेष प्रतिनिधि (SR Dialogue) स्तर की वार्ता करेंगे।

वांग यी का यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में भाग लेने चीन जाने वाले हैं।

दिल्ली हवाई अड्डे पर वांग यी का स्वागत विदेश मंत्रालय की पूर्वी एशिया डिवीजन के संयुक्त सचिव गौरंगलाल दास ने किया।

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी वांग यी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरे को दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों को पटरी पर लाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है, खासकर 2020 के गलवान घाटी संघर्ष के बाद से बिगड़े रिश्तों की पृष्ठभूमि में।

सूत्रों के अनुसार, इस वार्ता में सीमा पर स्थायी शांति व भरोसे को मजबूत करने के लिए नए विश्वास निर्माण उपायों पर चर्चा होगी।

वांग यी और NSA डोभाल के बीच सीमा वार्ता मंगलवार सुबह 11 बजे निर्धारित है। इसके अलावा, चीनी विदेश मंत्री मंगलवार शाम 5:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर शिष्टाचार भेंट करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि भारत-अमेरिका संबंध हाल ही में तनावपूर्ण हुए हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय वस्तुओं पर आयात शुल्क 50 प्रतिशत तक बढ़ा दिया था और रूस से कच्चा तेल खरीदने पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत पेनल्टी भी लगाई थी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.