कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के अध्यापकों का अनोखा कारनामा — खंड स्तरीय टॉपर चेतना पारीक का नाम स्वतंत्रता दिवस सम्मान सूची से गायब

खंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा चेतना पारीक को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित होने वाली स्कूल की छात्राओं की लिस्ट से किया बाहर छात्रा चेतना पारीक के अभिवावकों ने स्कूल मैनेजमेंट पर भेदभाव करने के आरोप लगाए

ऐलनाबाद, 15 अगस्त (एम.पी. भार्गव)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऐलनाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्थानीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के अध्यापकों और प्रबंधन पर भेदभाव के गंभीर आरोप लगे हैं। शहर के वार्ड नंबर 7 के पार्षद सत्यनारायण पांडिया ने आरोप लगाया कि उनकी पोती चेतना पारीक, जिसने दसवीं की बोर्ड परीक्षा में 97.4% अंक प्राप्त कर खंड स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया, को सम्मानित छात्राओं की सूची से जानबूझकर बाहर रखा गया।

पार्षद पांडिया ने बताया कि चेतना पारीक ने अपनी मेहनत और लगन से जिले में ही नहीं बल्कि खंड स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। बावजूद इसके, स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित समारोह में कम अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया, लेकिन टॉपर चेतना का नाम सम्मान सूची में शामिल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक छात्रा के साथ नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र के साथ अन्याय है, क्योंकि ऐसे व्यवहार से प्रतिभावान छात्रों का मनोबल टूटता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि स्कूल प्रबंधन, नगर स्तरीय प्रशासन को दी गई सम्मानित छात्राओं की सूची बनाते समय निष्पक्ष रहता, तो ऐसी स्थिति नहीं आती। “काश स्कूल की जिम्मेदार अध्यापिकाएं और प्रबंधन पक्षपात छोड़कर सभी छात्रों को समान अवसर देते, तो यह दिन गौरव का होता, शर्म का नहीं,” पांडिया ने कहा।

पार्षद ने इस भेदभाव को “शिक्षा जगत के लिए कलंक” बताते हुए कहा कि वह इस मामले को शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों, हरियाणा के शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तक पहुंचाएंगे, ताकि भविष्य में किसी छात्रा के साथ ऐसी घटना न हो।

उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि समाज का मार्गदर्शन करने वाला शिक्षक वर्ग ही संकीर्ण मानसिकता और भेदभाव की सोच से ग्रसित होगा, तो बाकी क्षेत्रों में निष्पक्षता की उम्मीद करना व्यर्थ है।

स्थानीय अभिभावकों और नागरिकों में भी इस घटना को लेकर रोष है और वे स्कूल प्रशासन से पारदर्शिता बरतने व चेतना पारीक को सम्मानित करने की मांग कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.