यूपी पुलिस में 4543 पदों पर सीधी भर्ती, 11 सितंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

  • रिपोर्ट: मंजय वर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, पीएसी के प्लाटून कमांडर, विशेष सुरक्षा बल के प्लाटून कमांडर और बदायूं, लखनऊ, गोरखपुर में पीएसी की महिला वाहिनियों के लिए महिला प्लाटून कमांडरों की सीधी भर्ती के लिए मंगलवार से ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं।

इन पदों पर आवेदन की अंतिम तिथि 11 सितंबर 2025 तय की गई है, जबकि शुल्क समायोजन की अंतिम तिथि 13 सितंबर 2025 है। सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 3 वर्ष की विशेष छूट दी जाएगी, हालांकि यह अपवाद स्वरूप होगी।

रिक्त पदों का विवरण

उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस: 4242 पद

पीएसी के प्लाटून कमांडर: 135 पद

विशेष सुरक्षा बल के प्लाटून कमांडर: 60 पद

पीएसी महिला वाहिनी (बदायूं, लखनऊ, गोरखपुर) में महिला प्लाटून कमांडर: 106 पद

आवेदन के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य है, जिसकी प्रक्रिया 31 जुलाई से शुरू हो चुकी है और अब तक 3.50 लाख से अधिक अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।

भर्ती प्रक्रिया के चरण
लिखित परीक्षा, अभिलेख संवीक्षा, शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के बायोमैट्रिक्स में फोटो, फिंगरप्रिंट और आईरिश स्कैन किया जाएगा, साथ ही आधार आधारित केवाईसी अनिवार्य होगी। आवेदन पत्र में अभ्यर्थी की फोटो लाइव ली जाएगी।

बोर्ड ने चेतावनी दी है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा में स्टेरॉयड, उत्तेजक या नशीले पदार्थ के सेवन को अनुचित आचरण माना जाएगा। जांच में पुष्टि होने पर ऐसे अभ्यर्थियों का आवेदन निरस्त कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.