- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
प्रयागराज, 9 अगस्त। त्यौहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों में भीड़ कम करने के उद्देश्य से रेलवे ने प्रयोगिक तौर पर “राउंड ट्रिप पैकेज स्कीम” लागू की है। इस स्कीम के तहत जो यात्री आने और जाने (रिटर्न) दोनों यात्राओं का टिकट एक साथ बुक करेंगे, उन्हें रिटर्न यात्रा के बेस किराए पर 20% की छूट मिलेगी।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस लाभ का फायदा उठाने के लिए दोनों टिकटों में यात्री का नाम, विवरण, श्रेणी और स्टेशन जोड़ी (O-D Pair) समान होना जरूरी है। स्कीम के तहत 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच आने की यात्रा और 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच वापसी की यात्रा के लिए टिकटें बुक की जा सकेंगी। इन यात्राओं की बुकिंग 14 अगस्त से शुरू होगी।
यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए कुछ नियमों का पालन करना होगा—
टिकट केवल एक ही श्रेणी और समान ट्रेन जोड़ी में बुक होने चाहिए।
रिफंड और टिकट मॉडिफिकेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
Flexi Fare वाली ट्रेनों में यह सुविधा लागू नहीं होगी।
किसी भी प्रकार की अन्य रियायत, वाउचर, पास या रेलवे कूपन मान्य नहीं होंगे।
दोनों टिकट एक ही माध्यम से बुक होने चाहिए, यानी अगर आने का टिकट ऑनलाइन बुक किया गया है तो वापसी का टिकट भी ऑनलाइन ही होना चाहिए; यही नियम आरक्षण काउंटर के लिए भी लागू होगा।
रेलवे का कहना है कि इस योजना से त्यौहारों के समय भीड़ को विभाजित करने, ट्रेनों का बेहतर उपयोग करने और यात्रियों को परेशानी मुक्त टिकट सुविधा देने में मदद मिलेगी।
