तिरंगे की शान में पूरे जिले में राष्ट्रप्रेम की अलग जगाएगी भाजपा: हरीश गंगवार
राम विहार स्थित भाजपा कार्यालय पर तिरंगा अभियान को लेकर हुई बैठक10 से 15 अगस्त तक चलाया जाएगा अभियान, शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान
रामपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि पार्टी रामपुर में राष्ट्र प्रेम की अलख जगाएगी। इसके लिए 10 से 15 अगस्त तक जिले में तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान हर घर तिरंगा लगाने के साथ ही तिरंगा यात्राएं भी निकाली जाएंगी। साथ ही ऑपरेशन सिंदूर के तहत जवानों के शौर्य को भी नमन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा।
राम विहार स्थित भाजपा कार्यालय पर आयोजित बैठक में तिरंगा अभियान को लेकर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष हरीश गंगावार ने कहा कि 10 से 15 अगस्त तक रामपुर में तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक घर में तिरंगा लगाने के साथ ही लोगों को तिरंगे की शान और शौर्यगाथा बताई जाएगी। 10 से 13 अगस्त तक जिले में 25 तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान पार्टी पदाधिकारी शहीदों के परिजनों को सम्मानित करेंगे। साथ ही शहीदों के स्मृति स्थलों को साफ-सुथरा रखने के लिए स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की सीमाओं की रक्षा करने के साथ ही भारत को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। ऐसे में यह अवसर सरकार के कार्यों की सराहना करने के साथ ही वीर सैनिकों को याद करने का भी है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभियान की सफलता के लिए जिम्मेदारियां भी सौंपी। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता कपिल आर्य, जिला महामंत्री रविंद्र जाटव, अशोक विश्नोई, जिला उपाध्यक्ष मोहन कुमार लोधी, अनुज सक्सेना, संजय चौधरी, प्रदीप गुप्ता, अर्जुन रस्तोगी, विकास दीक्षित, कुंवर बहादुर राजपूत, दीपक गुप्ता, धर्मवीर यादव, अजीत गौतम, विक्रम सिंह, गोपाल गुप्ता, आकाश सक्सेना आदि उपस्थित रहे।
