अहान सेट्टी ने श्री हरमंदिर साहिब में टेका माथा, कहा—मिली अपार शांति, ‘बॉर्डर 2’ को लेकर जताई उत्सुकता

अमृतसर। बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी के बेटे और युवा अभिनेता अहान शेट्टी आज पवित्र नगरी अमृतसर पहुंचे, जहाँ उन्होंने सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में श्रद्धा पूर्वक माथा टेका। इस दौरान उन्होंने गुरबाणी का आनंद लिया और ईश्वर का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें यहां अपार शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति हुई।

अहान शेट्टी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि, “सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के बाद जो आत्मिक शांति महसूस हुई, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। यह स्थान आस्था का केंद्र है और दुनिया भर से लोग यहां सिर झुकाने आते हैं। आज मुझे भी यह सौभाग्य प्राप्त हुआ, इसके लिए मैं ईश्वर का आभारी हूं।”

उन्होंने बताया कि वह इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग के सिलसिले में अमृतसर आए हुए हैं। यह फिल्म 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ की अगली कड़ी है, जिसमें उनके पिता सुनील शेट्टी ने अहम भूमिका निभाई थी। जब उनसे ‘बॉर्डर 2’ में उनके किरदार के बारे में पूछा गया, तो अहान ने कहा, “फिलहाल मैं अपनी भूमिका के बारे में कुछ नहीं बता सकता, लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि यह एक बहुत ही खास अनुभव रहा। पूरी टीम के साथ काम करना शानदार रहा और मुझे यकीन है कि यह फिल्म रिकॉर्ड तोड़ेगी।”

अहान शेट्टी ने अमृतसर के लोगों की मेहमाननवाज़ी और सहयोग की भी खूब सराहना की और कहा कि यहां के लोग बहुत सहयोगी और विनम्र हैं, जिससे शूटिंग करना और भी सुखद हो गया।

श्रद्धा, सिनेमा और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत ‘बॉर्डर 2’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही खासा उत्साह है, और अब सुनील शेट्टी के बेटे अहान की मौजूदगी ने इस फिल्म को लेकर और अधिक उत्सुकता बढ़ा दी है।

 

 

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.